होशंगाबाद - बिजली विभाग आये दिन तरह -तरह से खुले आम नियमों को ताक में रखते हुए उपभोक्ताओं को ठगने में लगा हुआ है l अमूमन तौर पर शहरी एवं ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं को कभी एवरेज बिल कभी अघोषित सरचार्ज लगाकर बिल थमा दिया जा रहा है और वसूली के लिए तरह तरह के हथकंडे विभाग द्वारा अपनाये जा रहे हैं l जानकारी में आया है कि ग्राम निम्साडिया के एक बिजली उपभोक्ता को ऐसा अंतिम अवसर का एक वसूली पत्र दिया है जिसमे अधिकृत अधिकारी के हस्ताक्षर तक नहीं है l सूत्रों के अनुसार जानकारी में आया है कि महिला अधिकारी द्वारा अमले के साथ पहुंचकर ये पत्र दिया गया है l बता दें कि मीनाक्षी चौराहा स्थित सुखवती बाई पति शंकर सिंह जिसका सर्विस क्रमांक २४५४७५७-१९-१३-७९५९५७१००० है l जिसका मीटर विगत एक वर्ष से ४१९ रीडिंग पर बंद पड़ा हुआ है l उक्त कनेक्शन विभाग द्वारा काटा जा चुका है l उसके बाद भी उपभोक्ता को बेहिसाब राशि के बिल थमाये गए हैं l विभाग द्वारा जारी तथाकथित बिजली बिल ३ फेस कनेक्शन के है l बिल पर भी ३ फेस पंच किया गया है l बिल में सुधार के लिए बुजुर्ग महिला उपभोक्ता विगत दो वर्षों से लगातार बिजली कार्यालय के चक्कर काट रही है लेकिन विभाग अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है l बल्कि उल्टे उपभोक्ता पर मनमानी राशि वसूलने के लिए दबाब बना रहा है l बिजली विभाग में बड़े अधिकारियों की मीटर रीडरों से मिलीभगत और कारगुजारियों का उदाहरण हम २०१५ में हुए बिजली बिल घोटाले में देख चुके हैं l इसके बाद भी विभाग अपनी आदत से बाज आता नहीं दिखाई दे रहा है l
होशंगाबाद - बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का आलम, बिना हस्ताक्षर किये थमा रहे हैं वसूली पत्र