जबलपुर। ट्रेनों में टिकट चेकिंग की व्यवस्था जल्द ही बदल जाएगी। मुंबई की लोकल ट्रेनों की तरह टिकट चेकिंग के लिए टीटीई (ट्रेवलिंग टिकट इंस्पेक्टर) की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। सिर्फ जगह-जगह फ्लाइंग स्क्वॉड के जरिए चेकिंग की जाएगी। ट्रेन के एसी और स्लीपर कोच में बिना कन्फर्म टिकट यात्रा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना भरने के बाद अगले स्टेशन पर यात्रा खत्म करनी होगी।

यह व्यवस्था कुछ स्पेशल ट्रेनों में शुरू कर दी गई है और जल्द ही सभी ट्रेनों में इसे लागू करने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक टीटीई की संख्या कम करने रेलवे बोर्ड ने यह निर्णय लिया है। इसके साथ ही टीटीई की नई भर्ती पर भी रोक लगा दी है। बता दें कि रेलवे रिजर्वेशन नियम के मुताबिक अभी ऑनलाइन वेटिंग टिकट लेने वाले पैसेंजर ट्रेन में सफर नहीं कर पाते हैं, लेकिन काउंटर टिकट लेने वालों को इसमें राहत दी जाती है, इस पर भी रोक लगा दी जाएगी।