शाजापुर | एकीकृत जलग्रहण प्रबंधन कार्यक्रम (आईडब्लूएमपी) के तहत स्वीकृत जलग्रहण क्षेत्र कालापीपल के कार्यो का कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव ने गत दिवस निरीक्षण किया और रामपुरा में 7 लाख 20 हजार रूपये लागत से स्टाप डेम में रिसाव के कारण पानी नही ठहरने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। इसके अलावा कलेक्टर ने जलग्रहण कार्यक्रम के तहत कराए गए कार्यो में नांदनी स्टाप डेम लागत 9 लाख रूपये, काकड़ खेड़ा स्टाप डेम लागत 7 लाख 20 हजार तथा एन्ट्रीपाइन्ट एक्टिविटी के तहत 2 लाख 6 हजार रूपये से काकड़ खेड़ा में बनी पुलिया सह रपटा एवं काकड़ खेड़ा में ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर डॉ. गिरीश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री वीरेन्द्र कुमार रावत, तहसीलदार श्री प्रकाश कस्बे आदि मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि आइडब्लूएमपी के तहत कालापीपल क्षेत्र में 5 हजार हैक्टेयर क्षेत्र के लिए जलग्रहण क्षेत्र स्वीकृत हुआ है। जलग्रहण क्षेत्र में 5 वर्ष तक विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जाएगी। कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए घरो के आस पास स्वच्छता रखने और शौच के लिए खुले में नहीं जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने घरो में शौचालय बनाए और उसका उपयोग करें। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को शौचालय निर्माण हेतु शासन द्वारा 12 हजार रूपये भी प्रदान किए जाते है। स्टाप डेम्स के निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रियान्वयन एजेंसी को निर्देश दिए कि स्टाप डेम का रख रखाव सही तरीके से करें। स्टाप डेम के पानी समाप्त होने के पश्चात गेट सुरक्षित स्थान पर रखें। आंगनबाड़ी केन्द्र भवन के निरीक्षण में कलेक्टर ने शौचालय के पैन बदलने के निर्देश दिए।
स्टाप डेम में रिसाव को लेकर कलेक्टर हुई नाराज कालापीपल क्षेत्र के जलग्रहण मिशन कार्यो का निरीक्षण