देवास | कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने नर्मदा सेवा यात्रा के पथ पर स्थित सतवास तहसील के गांव बाई जगवाड़ा में देर रात तक चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रबल सिपाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण जन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य जन उपस्थित थे। ग्रामीणों ने लोकगीत और नर्मदा मैया के भजनों के बीच उत्साह पूर्वक अधिकारियों का स्वागत किया। ग्रामीणों ने तुलसी के पौधे देकर कलेक्टर श्री अवस्थी का स्वागत किया। कलेक्टर ने चौपाल में ग्रामीणों को स्वच्छता के संबंध में समझाइश दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर में शौचालय बनाकर ग्राम को साफ सुथरा बनाएं। शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटवायें ग्राम में शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के निर्देश कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित तहसीलदार शिवकुमार यादव को दिए। गांव की श्मशान भूमि से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। मिस्त्री गोरेलाल से चर्चा कर कलेक्टर ने ग्राम में शौचालय निर्माण के लिए कहा। गांव में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों में स्थित उचित नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर उपस्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी एके तिवारी को फटकार भी लगाई और कहा कि सुरजने के पौधे गांव में फिर से लगवायें। देर रात कलेक्टर ने भजन के साथ समस्याएं भी सुनी बाई जगवाड़ा गांव में देर रात तक कलेक्टर अधिकारियों के साथ डटे रहे। ग्रामीणों ने भी उनकी बातें मनो योग से सुनी। कलेक्टर ने भजन भी सुने और गांव की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने प्राप्त एक-एक आवेदन पर संबंधित विभागों से कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। गांव में विधवा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत पर एसडीएम रंजना पाटने को कैंप लगाकर निराकरण के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर और पुराने तार की समस्या पर कार्यवाही के लिए कहा गया।
बाई जगवाड़ा में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों से कलेक्टर ने किया संवाद