रायसेन | 07-जनवरी-2017 मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत विशेष टीकाकरण ड्राईव चार चरणों में किया जाना है। जिसका तृतीय चरण 07 जनवरी से 14 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने कहा कि मिशन इन्द्रधनुष के अंतर्गत जिले के शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण करने के लिए जरूरी है कि मंजरे टोलों, ईट भट्टे, पहाड़ी क्षेत्रों, आदिवासी बहुल क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में टीकाकरण में आने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए काम किया जाए। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने कहा कि शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए जरूरी है कि बच्चों का चिन्हांकन कर टीकाकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश बच्चों को उनके माता पिता द्वारा ज्ञान का अभाव, समय का अभाव या टीके से होने वाले हल्के बुखार के डर से टीका नहीं लगवाते हैं। इन सभी छूटे हुए बच्चों तथा दूरस्थ इलाकों में या मंजरे, टोले में रह रहे बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके इसके लिए जरूरी है कि गांव में हर घर, हर व्यक्ति से संपर्क कर बच्चों के टीकाकरण के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा वन विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, एएनएम यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र का कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटे नहीं- कलेक्टर मिशन इन्द्रधनुष का तृतीय चरण 07 जनवरी से 14 जनवरी तक, जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित