बुरहानपुर जिलें में नगरीय क्षेत्रों में नगर उदय अभियान 15 जनवरी तक चलाया जायेगा। इसी कड़ी में शुक्रवार को अभियान की स्थिति जानने के लिये कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने नेपानगर पहुंचकर विभिन्न वार्डो का भ्रमण कर अभियान के तहत गठित दलों के सदस्यों से जानकारी प्राप्त की। वहीं उन्होनें वार्डवासियों से समस्याओं के बारे में पूछा। इस दौरान लोगों ने कलेक्टर के समक्ष पेयजल की समस्याऐं रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्रता से निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने दल के सदस्यों को घर-घर जाकर शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होनें युवाओं को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिये आवेदन भरने का भी आव्हान किया। आधार कार्ड एवं मतदाता परिचय पत्र के लिये कैम्प आयोजित करें कलेक्टर ने नगर उदय अभियान के तहत एसडीएम नेपानगर एवं सीएमओ को निर्देशित किया कि जिनके आधार कार्ड एवं मतदाता परिचय पत्र नहीं हैं उनके लिये आधार कार्ड एवं मतदाता परिचय पत्र बनवाने के लिये कैम्प आयोजित करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कैम्प लगाने के एक दिवस पूर्व नागरिकों को सूचित करने के निर्देश एसडीएम को दिये। ताकि उन्हें आधार एवं मतदाता परिचय पत्र बनवाने के लिये किसी प्रकार की परेशानी ना हो। प्रतिदिन बैठक आयोजित कर आवेदन पत्रों का परीक्षण करें वार्ड क्रमांक-7 के तहत प्रभा पार्क में आयोजित वार्ड सभा में कलेक्टर ने दलों के सदस्यों से जानकारी प्राप्त की। जिसमें सदस्यों ने विभिन्न प्रकार की समस्याऐं बताई। सदस्यों ने कहा कि किसी के बीपीएल में नाम जुड़वाना है, तो किसी का बीपीएल कार्ड बनवाना हैं। कलेक्टर ने एसडीएम नेपानगर एवं सीएमओ नेपानगर को निर्देश दिये कि दलों के सदस्यों से प्रतिदिन की रिपोर्ट लेकर बैठक आयोजित करें। बैठक में प्राप्त आवेदन पत्रों की पात्रता के आधार पर परीक्षण करें। उन्होंने उपस्थितजनों से अपने घरों में शौचालय बनाकर उसके उपयोग करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने प्रभा पार्क का अवलोकन कर सराहना की। नेपानगर विधायक सुश्री मंजु दादू ने नगर उदय अभियान के तहत वार्ड सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगर उदय अभियान का मुख्य उद्देश्य जो शासन की योजनाओं से लाभ लेने से छूट गया हैं। उन्हें चिन्हित कर उन्हें शासन की योजना से लाभान्वित करना हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती मधु चौहान, एसडीएम नेपानगर श्री अनिल सपकाले, सीएमओ नेपागर श्री राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।