शहडोल | 09-जनवरी-2017 कमिश्नर शहडोल संभाग श्री बी.एम.शर्मा ने हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे हितग्राही मूलक योजनाओं का भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होने निर्देश दिये हैं कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना मध्यप्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाएं हैं, इन योजनाओं का लक्ष्य प्राप्त करने के लिये अधिकारी हितग्राहियों और बैंकर्सों के मध्य समन्वय स्थापित कर दोनो योजनाओं का लक्ष्य प्राप्त करें तथा युवाओं को स्वरोजगार मुहैया करायें। बैठक में ऊर्जा विभाग द्वारा संचालित दीनदयाल ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के लक्ष्य की चर्चा करते हुये कमिश्नर ने निर्देश दिये कि इस योजना का लाभ दूर दराज में रहने वाले ग्रामीणों को मुहैया करायें। कमिश्नर शहडोल संभाग श्री बी.एम.शर्मा ने उक्त निर्देश आज समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये। चर्चा के दौरान अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कंपनी श्री के.के.अग्रवाल ने बताया कि शहडोल संभाग में इस योजना के तहत लगभग 11 हजार लोगों को कनेक्शन मुहैया कराये गये हैं तथा इस योजना का तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी.द्विवेदी ने बताया कि शहडोल जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, उन्होने बताया कि शहडोल जिले में 29 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 7 सीएचसी, 1 सिविल अस्पताल है। उन्होने बताया कि शहडोल जिला चिकित्सालय में आने वाले सभी मरीजों की पैथॉलाजी की सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है, जिला चिकित्सालय में अल्ट्रा साउण्ड मशीन हैं तथा एक्स-रे की सुविधा भी मुहैया कराई जा रही है। समीक्षा के दौरान कमिश्नर श्री बी.एम.शर्मा ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देश दिये कि वे शहडोल संभाग के सभी छात्रावासों, आश्रमों, एकलव्य शालाओं और अन्य संस्थाओं की सूची उन्हें मुहैया करायें। बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री राजकुमार कोरी, उपायुक्त सहकारिता श्री बी.एस.परते, कार्यपालन यंत्री लोकनिर्माण विभाग श्री खान, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री संतोष चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री उमेश धुर्वे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री सुधंाशु वर्मा, एसडीओ लोक निर्माण विभाग श्री कर्ण सिंह, प्रबंधक उद्योग श्रीमती राधिका कुसरो, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
हितग्राही मूलक योजनाओं का भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य पूर्ण करें-कमिश्नर कमिश्नर ने की विकास कार्यों की समीक्षा