मुरैना | 14-जनवरी-2017 मुरैना में 6 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित हो रहे रोटरी मेडिकल मिशन की तैयारियों के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक मुरैना-श्योपुर क्षेत्र के सांसद श्री अनूप मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में आयोजित हुई जिसमें रोटरी क्लब मुरैना एवं क्षेत्र की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। बैठक में सांसद श्री अनूप मिश्रा ने विगत दिवस अपने प्रेरणादायी उद्बोधन के माध्यम से रोटरी मेडिकल मिशन की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहाकि रोटरी मेडिकल मिशन का आयोजन मुरैना-श्योपुर क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी एतिहासिक चुनौती व अवसर है। हम सभी को अपने सामूहिक एवं व्यक्तिगत प्रयासों के माध्यम से मेडिकल मिशन को सफल बनाना है। हमारी कोशिष होनी चाहिए कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को इस मेडिकल मिशन के माध्यम से जरूरी चिकित्सा सुविधाएं हासिल हो सकें। बैठक में मुरैना नगर निगम के महापौर अशोक अर्गल, कलेक्टर विनोद शर्मा, जिला पंचायत के सीईओ अनुराग वर्मा, रोटरी प्रांतपाल भूपेन्द्र जैन सहित प्रमुख विशिष्टजन उपस्थित थे। बैठक में मुरैना एवं आसपास के क्षेत्र की करीब 80 समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। बैठक में रोटरी प्रांतपाल भूपेन्द्र जैन ने बताया कि यह हम सबके लिए संतोश की बात है कि पूरी टीम द्वारा दिन रात किये जा रहे प्रयासों के परिणाम स्वरूप अकेले मुरैना जिले में ही करीब 3500 लोगों को रोटरी मेडिकल मिशन में ही ऑपरेशन के लिए चिन्हित कर लिया गया है। इसी प्रकार पड़ोसी जिलों धौलपुर, भिण्ड एवं श्योपुर जिले से भी डाटा आ रहा है। इन जिलों में मरीजों के जांच परीक्षण एवं उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों आदि की स्क्रूटनी की जा रही है। सांसद श्री अनूप मिश्रा ने कहाकि रोटरी मेडिकल मिशन में सेवा कार्य के लिए देश भर से रोटेरियन हमारे शहर में आएंगे, लिहाजा मेहमानों के समक्ष मुरैना की स्वच्छ छवि बनना चाहिए। जिस तरह हमारे घर में शादी-विवाह में 150 लोगों की बारात आती है तो हम उसके स्वागत के लिए जी जान से जुट जाते हैं इसी प्रकार हमें पीड़ित मानवता के लिए समर्पित इस सेवापूर्ण एतिहासिक आयोजन को कामयाब बनाने में जुट जाना है।