*तलेन : ( सतीश यादव )* नगर परिषद का चुनाव अब जोर पकडऩे लगा है। तलेन नगर परिषद में 15 वार्ड है पूर्व में भाजपा की 5 और कांग्रेस की 10 सीटो पर कब्जा था । इस बार भाजपा में टिकिट वितरण को लेकर रोष है कई भाजपाइयों को टिकिट नही मिलने से उन्होंने निर्दलीय खड़े होकर अपना भाग्य अजमा रहे है । 15 वार्डो में इस बार निर्दलियों के खड़े होने से कई सीटो पर हार जीत का समीकरण बिगड़ सकता है । भाजपा-कांग्रेस के बागी निर्दलीयो ने भी प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। दोनों ही दल के वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं के घर दस्तक देना प्रारंभ कर दी है। मतदाताओं को लुभाने के लिए सभी प्रत्याशी ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। जनाधार वाले प्रत्याशियों के साथ भीड़ दिखाई दे रही है। भाजपा भले ही ज्यादातर बागियों को समझाने में सफल हो गई फिर भी भीतरघात का खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस में भी एक गुट-दूसरे गुट पर विजय पाने के लिए प्रयासरत हैं। दोनों में से डैमेज कंट्रोल करने में कौन सफल होगा, यह गर्त में है। नपा चुनाव के मतदान के 7 दिन शेष बचे हैं। भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दल मतदाताओं को लुभाने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। कुछ वार्डों में निर्दलियों के जोर पकडऩे से दोनों ही दल के समीकरण बिगड़ सकते हैं। भाजपा ने प्रमुख दावेदारों को टिकट नहीं देने से कई बागियों ने नामांकन भर दिया भाजपा ने कुछ नेताओं को मना लिया था। वरिष्ठ नेताओं की समझाइश पर फार्म वापस तो ले लिया, अभी भी कुछ नेता वरिष्ठ नेताओं के इशारे पर पार्टी के प्रत्याशी को निपटाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। जिन वरिष्ठ नेताओं के रिश्तेदार व समर्थकों को टिकट नहीं मिला है, वह भी ऐसे लोगों को संरक्षण दे रहे हैं। कांग्रेस से भी बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को अन्य गुट पीठ थपथपाकर मैदान में डटे रहने की सलाह दे रहे हैं। इस कारण कांग्रेस प्रत्याशी को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजनीतिक दलों के नेताओं का मानना है कि मतदान में 7 दिन शेष हैं। अंतिम तीन दिन में सब ठीक कर लेंगे। चुनाव आयोग ने भले ही मतदाताओं को आर्थिक प्रलोभन, उपहार व शराब वितरण पर रोक लगा रखी है। कई वार्डों में प्रत्याशी इसे दरकिनार कर मतदाताओं को लुभाने के लिए खुलकर खर्च कर रहे हैं। कुछ वार्डों में तो प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में भीड़ होने से उनके हौंसले बुलंद हो गए हैं। मजबूत प्रचार को अच्छा बता रहे हैं। ◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆◆ *विकास पर फोकस* नगर के सभी वार्डो के मतदाता इस बार चुनाव को लेकर बहुत उत्सुक है । नगर परिषद का कार्यकाल खत्म होने के बाद कई दिनों से नगर परिषद में प्रशासक कामकाज देख रहे थे । इस बार सभी पार्टी के उम्मीदवारों का चुनाव में वार्ड के विकास पर फोकस है । बहरहाल नगर के सभी 15 वार्ड में किसी भी पार्टी का कोई भी प्रत्याशी चुनाव जीते वार्ड का विकास तो जरूर होगा।वार्ड के विकास के साथ तलेन का विकास होगा।