ब्याlवरा। स्थानीय नगर पालिका परिषद में शुक्रवार को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में अध्यक्ष भाजपा और उपाध्यक्ष कांग्रेस के खाते में गया। यहां पर अध्यक्ष के लिए भाजपा की श्रीमती लीलादेवी कुशवाह को 18 में से 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरी भाजपा की श्रीमती सुमन राठौर को 06 वोट मिले, इस प्रकार भाजपा की श्रीमती कुशवाह 06 वोटों से विजयी घोषित की गई। वहीं उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा की श्रीमती जया चौहान और कांग्रेस के अतुल जगताप के बीच हुए मुकाबले में दोनों ही प्रत्याशियों को 09-09 वोट मिले, पर्ची के जरिए हुए फैसले में कांग्रेस के अतुल जगताप निर्वाचित घोषित किए गए। उल्लेखनीय है कि नगरीय निकाय ब्यावरा में भाजपा के 10 और कांग्रेस के 07 एवं 01 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। इस लिहाज से भाजपा का पलड़ा भारी था, लेकिन वोटिंग के दिवस अंतिम समय में हुए उलट फेर में कांग्रेस ने भाजपा की श्रीमती सुमन-हरीश राठौर को अपने पाले में लेते हुए अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे भाजपा का गणित फेल होता दिखाई देने लगा किंतु कांग्रेस का यह दाव भी चुनावी परिणाम के बाद क्लीयर हो गया, क्योंकि कांग्रेस एवं भाजपा दोनों ही पार्षदों ने अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर हुए निर्वाचन में क्रास वोटिंग की। पल-पल पर बदलते बाहरी रूझान चुनाव परिणाम के बाद स्पष्ट हो गए, जब भाजपा का अध्यक्ष और कांग्रेस के खाते में उपाध्यक्ष का पद चला गया।