अनिल उपाध्याय हरदा मीठे रस से भरी, राधा रानी लागे, मने खारो खारो यमुना जी का पानी लागे राधा रानी का ये भजन जिसने भी सुना वह मोहित हो गया। शायद ही कोई होगा जिसने यह भजन नहीं सुना। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय हरदा में यही भजन गाते दिखे। विजयवर्गीय के भजन पर उनका साथ दे रहे थे प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल जो भजन पर थिरकते दिखे। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय हरदा में चल रही जया किशोरी जी की भागवत कथा में शामिल हुए थे। इस स्थानीय विधायक और प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कैलाश विजयवर्गीय, गुरु प्रसाद शर्मा, विधायक विजयपाल सिंह सहित संघ से जुड़े पदाधिकारियों का स्वागत किया। बता दें, हरदा में मंत्री कमल पटेल ने जया किशोरी जी की कथा का आयोजन कराया है। यहां मंत्री ने विजयवर्गीय से एक भजन गाने का आग्रह किया। जिसके बाद विजयवर्गीय जी ने भजन गाया। जिसे सुनते ही कथा में आए हजारों श्रद्धालु मोहित हो गए। जिसमें महिलाएं, पुरूष और बच्चे शामिल थे। सभी मंत्री पटेल के साथ पंडाल में झूमने लगे। कमल पटेल को कहा छोटा भाई भजन गाने के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कमल पटेल मेरे छोटे भाई हैं। इनकी बाल हठ के कारण ही मैं इंदौर से हरदा आया। यहां इन्होंने कहा कि आप एक भजन सुना दें। अब इनकी बात मैं कैसे टाल सकता था। भजन सुनाने के बाद विजयवर्गीय हरदा से इंदौर के लिए रवाना हो गए। जया किशोरी को दी राधे रानी की उपाधि पंडाल में विजयवर्गीय ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने और हमने राधा रानी के दर्शन तो कभी नहीं किए। लेकिन व्यास पीठ पर बैठी जया किशोरी राधा रानी का ही रूप हैं। जिनकी मधुर वाणी से हमें श्रीमद्भागवत कथा सुनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने जनता से पूछा कि किस तरह का भजन सुनाना पसंद करेंगे। जनता की फरमाइश पर उन्होंने भजन सुनाया और सभी ने झूमकर नृत्य किया। इस दौरान पूरे पांडाल का नजारा भक्तिमय हो गया। फोटो