अशोकनगर | 21-जनवरी-2017 कलेक्टर श्री बी.एस.जामोद द्वारा शुक्रवार को ग्राम कदवाया में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। साथ ही समस्याओं के निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। रात्रि चौपाल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.के.श्रीवास्तव, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री जे.पी.गुप्ता, स्वच्छता विशेषज्ञ श्री दिनेश देशराजन, तहसीलदार श्री अरविन्द्र जैन, पी.ओ.नरेगा श्री व्ही.एस.चौरसिया, सरपंच श्रीमति विद्यादेवी जाटव, अधिकारी एंव ग्रामीणजन उपस्थित थे। कलेक्टर श्री जामोद ने कहा कि शासकीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने रात्रि चौपाल का आयोजन ग्राम में किया गया है। ग्राम की स्वच्छता तथा महिलाओं का मान सम्मान ग्रामवासियों के हाथ में है। ग्राम को साफ स्वच्छ रखे तथा गंदगी न फेलाये। उन्होंनें माह फरवरी 2017 तक शत्प्रतिशत घरों में शौचालय का निर्माण कराये और बीमारियों से बचे। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के नाम पात्रता सूची में नही जुड़ पाये है वे अपने नाम जुड़वा सकते है। उन्होंने पेंशन, शासकीय उचित मूल्य पर मिलने वाले खाद्यान्न की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कदवाया माता बीजासन के स्थल को साफ सुथरा बनाये रखने के लिए सभी ग्रामवासियों की जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा कि कदवाया की पहचान साफ, स्वच्छ स्थलों में हो यह सुनिश्चित किया जाए तथा पवित्र स्थल को साफ, स्वस्थ्य रखा जाए। इस अवसर पर स्वच्छता विशेषज्ञ श्री देशराजन ने स्वच्छता के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। रात्रि चौपाल के दौरान नल जल योजना हेतु जल स्त्रोत ढूढने, पेंशन स्वीकृत कराये जाने, ग्राम के बोर की सफाई कराने, कुटीर आवास, जमीन बटवारा, गरीबी रेखा में नाम जोडने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदन निराकरण हेतु अधिकारियों को दिये गये।