[सतीश सेन ]; शाजापुर जिले में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर स्थानीय स्टेडियम ग्राउण्ड में मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कलाबाई कुण्डला ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि के आगमन के साथ ही ध्वाजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने खुली जीप से परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका शुक्ला भी उनके साथ थी। मुख्य अतिथि ने हर्ष और उल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे खुले आसमान में छोड़े। तत्पश्चात कलेक्टर श्रीमती श्रीवास्तव ने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। समारोह में सशस्त्र पुलिस बल ने हर्ष फायर किया। इस के उपरांत परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक श्री आशीष तिवारी एवं सहायक परेड कमाण्डर सुबेदार सीमा आर्य के नेतृत्व में परेड का संचालन हुआ। परेड में विशेष सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी सीनियर छात्र डिवीजन, एनसीसी जूनियर छात्र एवं छात्रा डिवीजन, स्काउड दल एक एवं दो, शौर्या दल, गाईड दल, रेडक्रास दल एवं महात्मा गांधी कांवेन्ट विद्यालय के बैण्ड ने आकर्षक परेड की प्रस्तुति की। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने सभी परेड कमाण्डर्स से परिचय प्राप्त किया। मन मोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमो का प्रदर्शन स्कूली छात्र-छात्राओं ने पीटी प्रदर्शन किया। एम जी कॉन्वेंट के विद्यार्थियों ने हम करें राष्ट्र आराधन, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि शाजापुर की छात्राओं ने हम भारतवासी दुनिया को पावन धाम बनाएंगे, इटरनल स्कूल ऑफ स्टेडिज शाजापुर द्वारा भारत अनोखा देश है तथा हिन्द जूनियर कॉलेज के विद्यार्थियों ने दीवारे उँची है गलियां है तंग जैसे गीतों पर मन मोहक सामूहिक नृत्य प्र्रस्तुत किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा मार्सल आर्ट का प्रदर्शन किया गया। झांकियो का प्रदर्शन मुख्य समारोह में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं पर आधारित तैयार की गई झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकियो के प्रदर्शन में जिला पंचायत ने स्वच्छ भारत मिशन पर आधारित अस्वच्छ गांव से स्वच्छ गांव बनाने में आमजन की सक्रिय भूमिका की थीम को लेकर झांकी प्रदर्शित की। किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा मृदा परीक्षण से फसल उत्पादन में वृद्धि, एकिकृत बाल विकास विभाग एवं महिला सशक्तिकरण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लालीमा योजना, वन विभाग द्वारा हरियाली के साथ शाजापुर, जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा पढ़ेगी बेटी बढे़गी बेटी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा भू-जल संवर्धन, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति पिछड़ी जातियों के शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास, पशुचिकित्सा सेवाए विभाग द्वारा गोकुल महोत्सव, स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुरक्षित मातृत्व शिशु से परिवार विकास एवं मत्स्य विभाग द्वारा कृषि फसलों के साथ मछली पालन की थीम पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गई। पुरस्कारों का वितरण गणतंत्र दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह में परेड, झांकियो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रेष्ठ प्रस्तुति पर एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियो को पुरस्कृत किया गया। मुख्य समारोह में उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए समूह ‘अ‘ में जिला पुलिस बल को प्रथम, विशेष सशस्त्र पुलिस बल को द्वितीय एवं नगर सेना को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसी प्रकार समूह ‘ब’ में एमजी कांवेन्ट स्कूल शाजापुर के बैण्ड दल को प्रथम, शौर्या दल को द्वितीय तथा एनसीसी जुनियर छात्र को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुति में हिन्द जूनियर कॉलेज शाजापुर को प्रथम, इटर्नल स्कूल को द्वितीय तथा एमजी कान्वेंट को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी तरह झांकियों के प्रदर्शन में स्वास्थ्य विभाग प्रथम, महिला एवं बाल विकास व महिला सशक्तिकरण विभाग की झांकी को द्वितीय तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। पशुचिकित्सा विभाग की झांकी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर कृषि विकास सुधार कार्यक्रम के तहत सर्वोत्तम कृषक के रूप में श्री ताराचंद सौराष्ट्रीय रिंगनी खेड़ा, श्री जुझार सिंह बेदार नगर, श्री बैजनाथ पाटीदार उगनी, श्री जितेन्द्र जावरिया खमलाय एवं श्री शहिद खान खलीलपुर को पुरस्कार दिये गये। ग्राम पंचायत डंगीचा की सरपंच अनिता बाई, चौमा की सरपंच भूरीबाई को पौधरोपण में उत्कृष्ट कार्य करने पर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के शासकीय सेवको एवं बैंक प्रबंधकों, पुलिस बल एवं सरपंच को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर विधायक श्री अरूण भीमावद्, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शीतल क्षितिज भट्ट, डीएफओ श्री लवित भारती, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती मीनाक्षी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
शाजापुर गणतंत्र दिवस पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुण्डला ने ध्वजारोहण कर सलामी ली