तलेन विजयादशमी उत्सव को लेकर मंगलवार को नगर तलेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन निकाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचालन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर से प्रातः 9:00 बजे प्रारंभ हुआ। पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गो से होता हुआ पुनः सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्रांगण पहुंचा। नगर में निकले पथ संचलन का नगर वासियों द्वारा नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। पथ संचालन कार्यक्रम में अतिथि राजगढ़ विभाग के सह विभाग प्रचार प्रमुख डॉ विवेक सोनी तथा पचोर खंड के खंड कार्यवाह अरविंद सिंह दरबार उपस्थित थे। कार्यक्रम में डॉक्टर विवेक सोनी का उद्बोधन हुआ।डॉ विवेक सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के ही दिन भगवान श्री राम ने रावण का वध किया था भगवान राम ने वंचित वानरों के समाज को संगठित कर तथा उनको उनकी शक्ति का भान करा कर रावण पर विजय प्राप्त की थी । उसी प्रकार समाज की सज्जन शक्ति संगठित होकर बड़े-बड़े कार्य को पूर्ण कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति हमारी श्रद्धा होनी चाहिए तथा राष्ट्र के नागरिक होने के नाते नागरिक कर्तव्यों को ईमानदारी के साथ पूर्णता से निभाना चाहिए। अभी लोकतंत्र का पर्व आने वाला है उसमें हम और हमारे पड़ोसी मतदान करने जाए इसकी भी हमें चिंता होनी चाहिए। इस प्रकार के कर्तव्यों का पालन करना भी हमारी जिम्मेदारी है साथ ही वसुधैव कुटुंबकम् के भाव को भी साथ लेकर भी चले।
विजयादशमी पर नगर में निकाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन