शाजापुर | 30-जनवरी-2017 प्रदेश के तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास, श्रम, स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री एवं जिला प्रभारी श्री दीपक जोशी ने आज शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों में भ्रमण कर 85 लाख 98 हजार रूपए लागत के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने ग्राम तिलावद मैना में 50 लाख रूपए लागत से निर्मित हाट बाजार का लोकार्पण, 5 लाख 56 हजार रूपए लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन तथा परफॉरमेंस ग्रांट मद से निर्मित हाने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन किया। इसी तरह ग्राम अरनिया खुर्द में 13 लाख 41 हजार रूपए लागत से निर्मित शासकीय हाई स्कूल में आर्ट, क्राफ्ट कक्ष, विज्ञान कक्ष, वाचनालय कक्ष का लोकार्पण तथा 12 लाख 85 हजार रूपए लागत से निर्मित होने वाले ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन किया। इसके अतिरिक्त ग्राम तिलावद मैना में पुलिस चौकी भवन का भी प्रभारी मंत्री ने लोकार्पण किया। इन अवसरों पर क्षेत्रीय विधायक श्री इन्दरसिंह परमार एवं श्री नरेन्द्र सिंह बैस भी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने इन अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के व्यापक प्रसार का सतत प्रयास चल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान में पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधा प्राप्त हो रही है। विद्यार्थिगण मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करें और अच्छे अंकों के साथ परीक्षाएं उत्तीर्ण करें। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी 12 वी की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करता है, तो उसे उच्च शिक्षा के लिए लगने वाले सारे शुल्क का वहन सरकार करेगी इसी तरह उन्ंहोंने शिक्षा ऋण की जानकारी भी दी। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पिछले 11 वर्षो में तेजी से विकास हुआ है। ग्राम अरनिया कला में प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने कहा कि यहां महाविद्यालय खोलने की मांग का परीक्षण कराएंगे। साथ ही भोलाडोंगरी से तिलावद तक की आठ किलोमीटर की निर्माणाधीन सड़क को जल्दी पूरा कराएंगे। इस अवसर पर उन्होने तिलावद मैना स्वामी विवेकानन्द विद्यालय एवं जीआरडी पब्लिक विद्यालय को स्वैच्छानुदान मद से 10-10 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की। प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने तिलावद मैना के शाउमावि में जाकर यहा विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अगले शैक्षणिक सत्र से कम्प्यूटर प्राप्त हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तिलावद का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी कक्ष, चिकित्सकों की व्यवस्था तथा दवाई वितरण कक्ष का भी अवलोकन किया। ग्राम अरनिया खुर्द में आयोजित समारोह में प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के दो हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए। अरनिया खुर्द की प्राथमिक शाला की छात्राओं की कम्प्यूटर की मांग को अगले सत्र में पूरा करने के लिए उन्होंने कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण विधायक के साथ बैठकर करेंगे। इस मौके पर उन्होंने स्वागत में फूल मालाआंे में फिजूल खर्च नहीं करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि स्वागत में फूल मालाओं के स्थान पर गरीब बच्चों के लिए लेखन सामग्री आदि दी जा सकती है। इसके पूर्व प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने ग्राम अरनिया कला में संस्कार एकेडमी के नए भवन का लोकार्पण किया। इन अवसरों पर विधायक श्री परमार ने भी संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए बांध बनाने की कार्यवाही प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा वर्ष 2022 तक सभी खेतों में सिंचाई की व्यवस्था करने का लक्ष्य है। ग्राम तिलावद मैना में श्री नरेन्द्र सिंह बैस ने भी संबोधित किया। इन अवसरों पर ग्राम तिलावद मैना में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पवित्रा देवी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती गीता देवी पटेल, सरपंच श्रीमती मीना देवी चौधरी, मंडी समिति अध्यक्ष श्री कैलाश भट्ट, कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका शुक्ला, जिला पंचायत सीईओं श्री वीरेन्द्र सिंह रावत, पूर्व विधायक श्री बाबूलाल वर्मा, श्री मनोहर चन्द्रवंशी ग्राम अरनिया खुर्द में सरपंच श्रीमती सागर बाई सेठी एवं जनपद पंचायत सदस्य, श्रीमती संतोष परमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री श्री जोशी ने 85.98 लाख रूपए लागत के कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया