सीहोर | 31-जनवरी-2017 सीहोर जिले की तहसील रेहटी के सलकनपुर देवीधाम मंदिर पर माध मेला प्रारंभ होकर 18 फरवरी,2017 तक चलेगा। सलकनपुर मंदिर पर बडी संख्या में आसपास के ग्रामीणजन एवं शहरी क्षेत्रों के श्रृद्धालु आते है और नर्मदा स्नान करने भी जाते है। इस सिलसिले में कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे द्वारा जिले के पुलिस, वन, जिला पंचायत,लोनिवि.स्वास्थ्य, जल संसाधन विभाग, जिला शहरी विकास अभिकरण,विद्युत सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं पुलिस, तहसीलदार बुधनी/रेहटी एवं थाना प्रभारी रेहटी को निर्देशित किया गया है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप कडी सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस व्यवस्था सहित मेलों में समुचित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें जिससे मेलों में आने वाले दर्शनार्थियों एवं श्रृद्धालुओं को दर्शन करने में कोई परेशानी न हो। मेलों में पुलिस बल व्यवस्था, गोताखोर एवं पानी से बचाव के साधन, पेयजल, पार्किंग, आवागमन, विद्युत, फायर बिग्रेड, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, जूते-चप्पल रखने, अतिक्रमण पर नियंत्रण संबंधी व्यवस्था एवं दुकानों के लिए स्थान आरक्षित किया जाए ताकि मेलों में आने जाने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में असुविधा न हो ।