रायसेन | 31-जनवरी-2017 सिलवानी जनपद के ग्राम पंचायत तुलसीपार के सरपंच श्री काशीराम ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे को आवेदन देते हुए बताया कि सरपंच सीट आरक्षित होने के कारण मैनें गांव के लोगों के कहने पर सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ा और मैं निर्वाचित हो गया। काशीराम गोड ने बताया कि उसके पास रहने के लिए स्वयं का घर नहीं है इसलिए मैंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन दिया था और आवास के लिए राशि भी स्वीकृत हो गई है। लेकिन विकासखण्ड कार्यालय द्वारा कहा गया कि तुम वर्तमान में सरपंच हो इसलिए तुम्हे आवास योजना की राशि नहीं मिल सकती। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने सिलवानी जनपद सीईओ को इस संबंध में जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने दिया आवेदन सांची तहसील के काछीकानाखेड़ा निवासी सुशीला बाई ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे को पति की मृत्यु के पश्चात पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने हेतु आवेदन देते हुए बताया कि उसके पति स्व. श्री चतर सिंह जिला रेशम केन्द्र रायसेन में कुशल श्रेणी के शासकीय कर्मी के रूप में कार्यरत थे। सुशीला बाई ने बताया कि उसके पति श्री चतर सिंह का 25 दिसम्बर 2016 को सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया है, जिससे उसके परिवार के समक्ष भरण पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने इस संबंध में सहायक संचालक जिला रेशम केन्द्र को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। मेढ़ बंधान की राशि दिलाने के दिए निर्देश ग्राम परसोरा निवासी श्री प्रेमनारायण गौर ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि मैं एवं मेरे परिवार के सदस्य जॉब कार्डधारी हैं। प्रेमनारायण ने बताया कि ग्राम परसोरा में स्थित मेरी कृषि भूमि में मेढ़बंधान का कार्य स्वयं मेरे द्वारा मजदूरी से किया गया था। मेढ़ बंधान के लिए 20,040 रूपए की राशि स्वीकृत हुई थी जिसमें से मात्र 6000 रूपए की राशि ही मेरे खाते में आई थी, शेष राशि आज दिनांक तक मुझे नहीं मिली है। शेष राशि मांगने पर सह सचिव श्री तेजसिंह द्वारा मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और मुझे धमकी भी दी जाती है। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने जनपद सीईओ को जांच कर मेढ़ बंधान की शेष राशि दिलाने के लिए शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। काऊ शेड बनवाने दिया आवेदन रायसेन तहसील के ग्राम उचेर निवासी श्री कमल सिंह पाल ने कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे को आवेदन देते हुए बताया कि उसने ग्राम पंचायत सचिव को काऊ शेड बनवाने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब तक नहीं बना है। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने सांची जनपद सीईओ को इस संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। 10 माह बाद भी नहीं मिली शौचालय निर्माण राशि उदयपुरा विकासखण्ड के ग्राम दिघावन निवासी श्री महेश ने कलेक्टर को आवेदन देते हुए बताया कि मुझे सरपंच एवं सचिव ने कहा था कि यदि तुम अपने पैसों से घर में शौचालय बनवा लेते हो तो बाद में तुम्हारे खाते में शौचालय निर्माण की राशि जमा हो जाएगी। जिस कारण मैनें कर्ज लेकर अपने घर में शौचालय का निर्माण करा लिया लेकिन 10 माह पश्चात भी मुझे शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिली है। कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने जनपद सीईओ को जांच कर हितग्राही को शीघ्र शौचालय निर्माण राशि दिलाने के निर्देश दिए हैं। जनसुनवाई में जो आवेदन पत्र प्राप्त हुए उनमें पेंशन, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, बीमारी में सहायता, आर्थिक सहायता, बैंक ऋण, नामांतरण, बंटवारा, बीपीएल राशन कार्ड, विद्युत समस्याएं, आपसी विवाद आदि से संबंधित थे। इस जनसुनवाई में जिले भर से आए 96 व्यक्तियों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर श्री गोपाल सिंह भिलाला सहित अनेक जिला अधिकारी उपस्थित थे।
रायसेन आवासहीन सरपंच ने प्रधानमंत्री आवास की राशि दिलाने कलेक्टर को दिया आवेदन "जनसुनवाई" -