गुना | 31-जनवरी-2017 कलेक्टर श्री राजेश जैन ने जिले में मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को सचेत किया है कि वे ग्रामीण विकास कार्यक्रमों में काम करके अच्छे परिणाम लाएं, अन्यथा उनके विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह बात यहां सम्पन्न हुई जिले के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कही। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कैलाश वानखेड़े भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने जिले के गांवों को खुले में शौच से मुक्त किए जाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के कार्य की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत जताई और साफ शब्दों में कहा कि इस कार्य को युद्ध पर पूरा किया जाए, ताकि अच्छे परिणाम सामने आ सकें। कलेक्टर ने उपयंत्रियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को हिदायत दी कि वे कार्य के प्रति उदासीनता बरतने वाले उपयंत्रियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करें, ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर ने कार्य के प्रति शिथिलता बरतने वाले संविदा कम्प्यूटर ऑपरेटरों को बर्खास्त करने के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन के अन्तर्गत हितग्राहियों को ऋण वितरण की प्रगति पर असंतोष जताया और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को निर्देश दिए कि वे बैंकों से संपर्क कर स्वीकृत प्रकरणों में तत्परता से हितग्राहियों को ऋण का वितरण कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बैठक में ही मोबाइल पर कई बैंकर्स से बात कर उक्त योजना के प्रकरणों में हितग्राहियों को तत्परता से ऋण बांटने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मनरेगा के एक्टिव सभी जॉबकार्ड धारियों के बैंक खाते आधार से लिंक कराने के कार्य की रफ्तार बढ़ाने के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास मिशन के अन्तर्गत आवासों का निर्माण समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इन्दिरा आवास कुटीर के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए और कहा कि धन राशि लेने के बावजूद कार्य ना करने वालों को नोटिस जारी करें।
गुना अच्छे परिणाम लाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई - कलेक्टर -