भोपाल। राज्य में रविवार सुबह मौसम साफ होने के साथ धूप खिली रही। इसके कारण ठंड का असर कम रहा। बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बादल छाए होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उछाल आया है<मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में ऊपरी हवाओं का चक्रवात बनने के साथ ही हवाओं का रुख दक्षिणी हुआ है, जिससे वातावरण में नमी आ रही है। इस बदलाव के चलते आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ सकती है। इसके अलावा कई स्थानों पर कोहरा भी छा सकता है। राज्य के मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री, इंदौर का 14.4 डिग्री, ग्वालियर का 13.4 डिग्री और जबलपुर का 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, इंदौर का 32.4 डिग्री, ग्वालियर का 26.7 डिग्री और जबलपुर का 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।