खरीदारी के लिए शाजापुर से आए व्यापारी के मोबाइल रिपेयर कराने के बाद सवा लाख की ठगी।
साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सूबे के आर्थिक शहर इंदौर के हालात इनमें सबसे खराब हैं। शहर में साइबर ठगी के अजीबो गरीब मामले सामने आ रहे हैं। शातिर ठग लोगों को हर बार नए नए तरीकों से ठगी का शिकार बना रहे हैं। हालही में सामने आए ठगी के ऐसे पांच मामलों के बारे में जाने अबतक की ठगी के तरीकों में नए हैं। इन्हें बताने का मूल उद्देश्य खबर के साथ-साथ आमजन को जागरूक करना है, ताकि आप या आपके आसपास के लोग इस तरह की वारदातों से बच सकें।
मोबाइल सुधरवाने के बाद सवा लाख पार
खरीदारी के लिए इंदौर आए शाजापुर के एक व्यापारी के साथ करीब सवा लाख रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। मोबाइल फोन रिपेयरिंग करवाने के बाद व्यापारी के बैंक खाते से चार ट्रांजेक्शन में ये राशि ठगोरों ने उड़ा ली। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, धोखाधड़ी की वारदात शाजापुर के इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी सुनील कुमार सोनी के साथ गत 5 सितंबर को हुई। पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में फरियादी ने बताया कि, वे इंदौर खरीदारी के लिए आए थे। उसी दौरान अचानक मोबाइल फोन बंद हो गया था। इस पर उन्होंने जेल रोड स्थित एक मोबाइल शॉप पर मोबाइल फोन सुधरवाया था।बाद में जब मोबाइल फोन चालू किया और बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला कि, खाते से 1 लाख 22 हजार 935 रुपए निकल गए। फरियादी के मुताबिक, अज्ञात आरोपी ने चार ट्रांजेक्शन 73 हजार 935 रुपए, 15 हजार रुपए, 16 हजार रुपए और 18 हजार रुपए के चार ट्रांजेक्शन कर लिए थे। जबकि, उन्होंने खुद कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया और न ही किसी किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था। मामले में कोतवाली थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस तकनीकी जांच के सहारे मोबाइल फोन और बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है।