राजगढ़ | 14-फरवरी-2017 म.प्र. शासन की स्वामी विवेकानंद मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत म.प्र. शासन के निर्देशानुसार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ के स्टेडियम प्रांगण में 16 एवं 17 फरवरी‘2017 को विशाल जिला स्तरीय केरियर अवसर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में कृषि, उद्योग, वानिकी, उद्यानिकी, मत्स्य सुरक्षा संबंधी शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा उद्योग एवं सेवा प्रदाता कंपनियों के स्टॉल भी रहेंगे। प्रदेश एवं देश के अन्य स्थानों के उद्योग/कंपनियों के प्रतिनिधि भी विद्यार्थियों को रोजगार प्रदान करने हेतु उपस्थित रहेंगे। मेले के दौरान विशेषज्ञों एवं संबंधित निकायों के प्रतिनिधियों द्वारा जिले के शिक्षित बेरोजगारों को सीधे रोजगार संबंधी सूचना एवं प्रतियोगी परीक्षा की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्राचार्य शा. महाविद्यालय द्वारा इस मेले में जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों तथा हायर सेकेण्डरी स्तर के छात्र-छात्राओं से भी पहुंचने का आग्रह किया गया है। जिससे वे रोजगारों के विभिन्न एवं नवीनतम अवसरों की जानकारी से लाभांवित हो सकें तथा कंपनियों में प्लेसमेंट प्राप्त कर सकें। साथ ही वर्तमान सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत इंटर्नशिप हेतु विभिन्न संस्थानों से सीधे परिचित हो सकें। प्रभारी प्राचार्य डॉ. पी.के. गुप्ता द्वारा जिले में समस्त शासकीय महाविद्यालयों के प्राध्यापकों/सहायक प्राध्यापकों को भी विद्यार्थियों के साथ अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। जिले में स्थानीय स्तर पर इस केरियर अवसर मेले में अधिकाधिक तादाद में पहुंचकर युवा वर्ग इसका लाभ उठायें। इस मंशा के तहत उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों का यह संयुक्त प्रयास युवाओं को एक नयी दिशा देने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।