बड़वानी | 16-फरवरी-2017 बड़वानी जिले के ग्राम दतवाड़ा में आज महाआरती में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुये। सेवा यात्रा के कलश एवं ध्वज की नगरवासियों ने पुष्प वर्षा के साथ यात्रा शुरू की। ‘‘नमामि देवी नर्मदे’’-सेवा यात्रा में शामिल नागरिकों ने प्रदेश की सुख, समृद्धि, वैभव की कामना मॉं नर्मदा से की। सेवा यात्रा में शामिल संतों ने कहा कि नर्मदा को स्वच्छ बनाने के लिए पूजन सामग्री विसर्जित नहीं करने का आम नागरिकों से आव्हान किया। गॉंव के बुजुर्ग जहॉं नर्मदा के विशाल स्वरूप और हरे भरे पेड़ों की जानकारी दे रहे थे, वहीं नवयुवा नर्मदा के किनारे होने वाले वृक्षारोपण से गांव में आने वाली खुशहाली को लेकर उत्साहित दिख रहे थे। ग्राम दतवाड़ा से शुरू नर्मदा सेवा यात्रा को जगह-जगह यात्रा पथ पर स्थानीय नागरिकों का भरपूर समर्थन मिला। स्थानीय नागरिक सेवा यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होने के साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुति, रंगोली, वंदनवार एवं भजन कीर्तन के साथ निरन्तर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जा रहा है। नर्मदा सेवा यात्रा आज 68 वें दिन दतवाड़ा से प्रारम्भ होकर गोलाटा, छोटा बड़दा, आवली, सेगॉंव होते हुए ग्राम पीपरी पहुंची जहॉं यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। दूर-दूर से आये साधु संतों ने यहॉं मॉं नर्मदा की उत्साह से महाआरती की। सेवा यात्रा अगले पड़ाव के लिए ग्राम पीपरी में रात्रि विश्राम करेगी।