शिवपुरी | 16-फरवरी-2017 पोहरी विधायक श्री प्रहलाद भारती ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच थी, कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को योजनाओ का लाभ सबसे पहले मिले। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में जनपद पंचायत स्तरों पर खण्डस्तरीय अंत्योदय मेलो का आयोजन करने का निर्णय लिया है। श्री भारती ने उक्त आशय के विचार आज उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण नरवर में आयोजित खण्डस्तरीय अंत्योदय मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। कार्यक्रम में करैरा के पूर्व विधायक श्री रमेश खटीक, अपर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, अनुविभागीय दण्डाधिकारी करैरा श्री मुकेश शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्री मुकेश खटीक, नगर पंचायत के अध्यक्ष डॉ.मनोज महेश्वरी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शकील कुर्रेशी सहित जिला एवं खण्डस्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। अंत्योदय मेले में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 80 हजार 420 हितग्राहियों को 1432.43 लाख की सहायता विभिन्न रूपों में प्रदाय की गई। इस मौके पर प्रसूति सहायता योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 11 हजार 925 रूपए की सहायता राशि प्रदाय की गई। अंत्योदय मेले में पशु बीमा योजना के हितग्राही श्री मेहताब सिंह को 23 हजार रूपए की बीमा दावा राशि का चेक प्रदाय किया। अंत्योदय मेले जमनापारी बकरा प्रदाय योजना के तहत 30 हितग्राहियों को 07 लाख 15 हजार रूपए की सहायता राशि प्रदाय की गई। कार्यक्रम के शुरू में सामाजिक न्याय विभाग के कलापथक के मुख्य कलाकार श्री हरिवंश त्रिवेदी, मनोज बावरा ने नशामुक्ति एवं शासन की योजनाओं से संबंधित गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर शिक्षण संस्थाओं की छात्र-छात्राओं द्वारा नशा के दुष्परिणामों पर बेटी बचाओं एवं बेटी पढ़ाओं पर केन्द्रित लघु नाटिका प्रस्तुत की। मेले में जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं पर केन्द्रित आगे आए लाभ उठाए पुस्तिका का नवीन संस्करण एवं प्रचार साहित्य का भी वितरण किया गया। विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। विधायक श्री भारती ने मेले को संबोधित करते हुए कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नदी जोड़ो अभियान शुरू किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में भी आवासहीनो को आवास प्रदाय किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनेकों जनकल्याणकारी योजनाए शुरू की गई है। विधायक श्री प्रहलाद भारती ने कहा कि 22 फरवरी को जनपद पंचायत नरवर में निःशक्त चिकित्सा परीक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर का अधिक से अधिक विक्लांग भाई लाभ उठाए। अपर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने अंत्योदय मेले को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिले के सभी जनपद पंचायत मुख्यालयों पर अंत्योदय मेलो का आयोजन कर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभांवित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे जनपद स्तर की अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु जिला स्तर पर आने की अपेक्षा जनपद पंचायत स्तरों पर आयोजित होने वाले लोक कल्याण शिविर एवं अंत्योदय मेलो में कराए। अंत्योदय मेले को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत के अध्यक्ष श्री मुकेश खटीक ने कहा कि अंत्योदय मेलो का आयोजन करने का मुख्य मकसद समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाना है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं से भी अवगत कराया। (0 days ago)