भिण्ड | 20-फरवरी-2017 कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने कहा है कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल के द्वारा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा वर्ष 2017 के लिए कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। जिसके अन्तर्गत हायर सेकेण्डरी की 1 मार्च 2017 बुधवार एवं हाईस्कूल की 2 मार्च 2017 गुरूवार से आयोजित की जा रही है। इन दोनो बोर्ड परीक्षाओं की सीसीटीवी कैमरा से निगरानी कराई जावेगी। जिससे विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी नकल पर पूर्ण विराम लगाया जा सके। वे आज कलेक्टर कार्यालय भिण्ड के सभागर में टीएल बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप शर्मा, अपर कलेक्टर श्री टीएन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री सुनील शर्मा एवं डॉ. अनुज रोहतगी, एसडीएम भिण्ड श्री संतोष तिवारी, अटेर श्री यूएस सिकरवार एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जिले के तहसीलदार, सीईओ जनपद और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि विगत वर्ष के दौरान 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के अन्तर्गत नकल को पूर्ण विराम लगाया गया था। इस वर्ष भी आगामी 1 मार्च 2017 से प्रारंभ होने जा रही बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां एक सप्ताह में पूर्ण की जावे।