गुना | 21-फरवरी-2017 आज यहां सम्पन्न हुई कलेक्टर जनसुनवाई में कलेक्टर श्री राजेश जैन ने बढ़ी संख्या में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे आमलोगों की फरियाद सुनी और समस्याओं के तत्परता से निस्तारण के संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। विकलांग पेंशन एवं ट्रायसाईकिल के लिए अपनी फरियाद लेकर पहुंचे निःशक्तजनों की समस्याओं के प्रति सजग ना रहने पर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के कर्मचारी श्री दिनेश श्रीवास्तव को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि आवेदक निःशक्तजनों को विकलांग पेंशन एवं ट्रायसाईकिल मुहैया कराने हेतु तत्काल प्रकरण बनाकर प्रस्तुत करें। उन्होंने निःशक्तजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर त्वरित गति से उन्हें शासकीय सुविधाओं का लाभ दिलाने के कड़े निर्देश दिए। गुना निवासी गुड्डी बाई ने अपनी बीमार पुत्री के इलाज के लिए आर्थिक इमदाद देने की जब कलेक्टर से गुहार लगाई, तो उन्होंने उसी वक्त भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी से दो हजार रूपये का चेक कटवाकर गुड्डी बाई को उपलब्ध कराया और आत्मीयता दिखाते हुए कहा कि अच्छे से अपनी पुत्री का इलाज करायें। गुना निवासी कामकाजी महिला श्रीमती सुषमा जैन ने कलेक्टर से शिकायत की कि उनको प्रसव हुए पांच माह हो चुके हैं और इस बीच उन्होंने प्रसूता सहायता के लिए लोक स्वास्थ्य विभाग को तीन बार आवेदन-पत्र दिया है। परन्तु उन्हें अब तक शासन की इस योजना का लाभ नहीं मिला है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने श्रीमती जैन का आवेदन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिश्रा को सौंपते हुए इस विलंब के लिए उनसे जवाब-तलब किया और श्रीमती जैन को तत्परता से प्रसूता सहायता दिलाने के कड़े निर्देश दिए। मंगवार के सरपंच श्री फूल सिंह ने जनसुनवाई में पंहुचकर कलेक्टर को व्यथा सुनाते हुए बताया कि विद्युत कनेक्शन कटने से गांव की नल-जल योजना बंद पड़ी हुई है, जिससे पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है। कलेक्टर ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन यंत्री म.प्र. विद्युत मंडल तथा कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्परता से उक्त नलजल योजना चालू कराकर उन्हें अवगत कराने के कड़े निर्देश दिए। पुरैना निवासी प्रकाश ने कलेक्टर से शिकायत की कि उन्हें प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था तथा जनपद पंचायत ने इसकी प्रथम किस्त के रूप में देना बैंक में कार्यरत उनके बैंक खाते में चालीस हजार रूपये की राशि भी जारी कर दी थी। परन्तु बैंक ने उक्त राशि उनके खाते में जमा नहीं की। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में बैंक मैनेजर के खिलाफ कड़े कदम उठाने के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुना को निर्देश दिए। पिपरोदाखुर्द निवासी विधवा श्रीमती सावित्री बाई ने जनसुनवाई में पंहुचकर विधवा पेंशन स्वीकृत करने की कलेक्टर से गुहार लगाई। कलेक्टर ने उसी वक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद को सावित्री बाई को तत्परता से विधवा पेंशन स्वीकृत करने की हिदायत दी, ताकि उन्हें शीघ्र पेंशन का लाभ मिलना शुरू हो जाए। आज कलेक्टर ने एक-एक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और उनके तत्परता से निस्तारण के संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।