ग्वालियर | 21-फरवरी-2017 बोर्ड परीक्षाओं में सख्ती से नकल रोकें और बेखौफ होकर परीक्षायें सम्पन्न करायें। जिला प्रशासन और पुलिस से नकल रोकने में पूर्ण सहयोग मिलेगा। यह बात कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के सिलसिले में बुलाई गई बैठक में केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों से कही। कलेक्टर ने कहा केन्द्राध्यक्ष को भी एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) के अधिकार दिए जायेंगे, जिससे नकल कराने वालों और परीक्षा में विघ्न डालने वालों को मौके पर ही गिरफ्तार करा सकें। मंगलवार को यहाँ जिला शिक्षण संस्थान (डाइट) में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर डॉ. गोयल ने जोर देकर कहा कि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा ली जाने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं को पूर्णत: नकल रहित सम्पन्न कराने के लिये जिला प्रशासन कटिबद्ध है। उन्होंने साफ किया कि यदि किसी केन्द्र पर नकल होते पाई गई तो संबंधित केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष और पर्यवेक्षक भी जवाबदेह होंगे। डॉ. गोयल ने केन्द्राध्यक्षों को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र पर ड्यूटी में लगे शासकीय सेवकों के अलावा किसी भी व्यक्ति को जिला शिक्षा अधिकारी की लिखित अनुमति के बगैर प्रवेश न दिया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह व जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी सहित परीक्षाओं से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद थे।