शाजापुर | 22-फरवरी-2017 कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ ड्रेसर एवं प्रभारी स्टोर कीपर श्री कैलाश बाबू वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उल्लेखनीय है कि विगत 23 एवं 24 जनवरी को जिला प्रशासन द्वारा टीम गठित कर जिला औषधी भण्डार का औचक निरीक्षण कराया गया था। निरीक्षण में भण्डार गृह के अभिलेख, क्रय नस्ती, व्हाउचर, स्टॉक रजिस्टर, वितरण पंजी एवं अन्य अभिलेखों के मिलान में अनियमितता पाई गई थी। इसे देखते हुए कलेक्टर ने प्रभारी स्टोर कीपर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। सिविल सर्जन का प्रभार डॉ. सिसौदिया को जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुसूया गवली सिन्हा का प्रभार हटाते हुए कलेक्टर ने उक्त प्रभार जिला चिकित्सालय के चिकित्सक क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. एच.सी. सिसौदिया को आगामी आदेश तक प्रदान करने के आदेश जारी किए है। इसी तरह कलेक्टर ने विगत दिनों गठित टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण की रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई हेतु उज्जैन संभागायुक्त एवं स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त को प्रेषित की है।
शाजापुर प्रभारी स्टोर कीपर निलंबित