राजगढ़ | 25-फरवरी-2017 जिला मुख्यालय में 26 फरवरी‘2017 को 3, 5 और 11 किलोमीटर की दौड स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यटन को बढावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं राजगढ टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल द्वारा आयोजित की जाएगी। लोगों को रचनात्मक कार्यो से जोडने राजगढ रन्स के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए तैनात शासकीय सेवकों को दौड प्रारंभ स्थल स्थानीय मंगल भवन परिसर में 26 फरवरी को प्रातः 5 बजे उपस्थिति देने तथा पंजीकृत धावकों की प्रातः 6.30 बजे के पूर्व अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करने की हिदायत कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे द्वारा दी गई है। उल्लेखनीय है कि 11 कि.मी. राजगढ़ रन (मिनी मेराथन) का आयोजन नए बस स्टेण्ड स्थित मंगल भवन से मॉ जालपा मंदिर से वापस स्टेडियम में समापन होगा। इसमें प्रथम विजेता को 15 हजार रूपये, द्वितीय को 10 हजार रूपये एवं तृतीय विजेता को 5 हजार रूपये का नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार 5 कि.मी. और 3 कि.मी. की दौड भी मंगल भवन से आयोजित की जाएगी। पांच किलोमीटर दौड में प्रथम विजेता को 5000 रूपये, द्वितीय को 3000 रूपये एवं तृतीय विजेता को 2000 रूपये का नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा तथा तीन किलोमीटर की दौड में प्रथम विजेता को 3000 रूपये, द्वितीय को 2000 रूपये एवं तृतीय विजेता को 1000 रूपये का नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
राजगढ़ रन्स आज तैयारियां हुई पूरी