राजगढ़ | 26-फरवरी-2017 जिला मुख्यालय में आज 26 फरवरी 2017 को राजगढ रन्स का आयोजन किया गया। इस मौके पर युवाओं में भारी उत्साह दिखा। राजगढ जिला प्रशासन और राजगढ टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल द्वारा स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस राजगढ रन्स में 18 वर्ष से उपर के भोपाल, सिहोर और राजगढ के 404 धावकों ने भाग लिया। तीन किलोमीटर और पांच किलोमीटर लंबी दौड में युवाओं के साथ युवतियां भी दौडी। तीन किलोमीटर की दौड में कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीमति हिमानी खन्ना, अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन ने भी भाग लिया और दौड पूरी की। राजगढ रन्स का आयोजन स्थानीय मंगल भवन से मां जालपा मंदिर से वापस स्टेडियम रूट तक किया गया। पुरूषों की 11 कि.मी. दौड प्रतियोगिता में भोपाल के श्री चंद्रमणी ने प्रथम, श्री मुकेश जाट ने द्वितीय तथा राजगढ के श्री आर.एल. दांगी तृतीय स्थान पर रहे। पुरस्कार स्वरूप प्रथम विजेता श्री मानी को 15 हजार रूपये नगद, गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। द्वितीय विजेता श्री जाट को 10 हजार रूपये, सिल्वर मेडल और प्रशस्ति पत्र तथा तृतीय विजेता श्री दांगी को 5 हजार रूपये, ब्रॉन्ज मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार पुरूष वर्ग में 5 कि.मी. दौड में प्रथम विजेता के रूप में राजगढ के श्री नरेन्द्र ऊमट ने 5000 रूपये की राशि, गोल्ड मेडल तथा प्रशस्ति पत्र, द्वितीय विजेता श्री जसवंत वर्मा ने 3000 रूपये की राशि, सिल्वर मेडल तथा प्रशस्ति पत्र और राजगढ के ही तृतीय विजेता श्री राजाराम ने 2000 रूपये की राशि, ब्रॉन्ज मेडल और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। महिला वर्ग में तीनों पुरस्कार सिहोर की युवतियों ने जीते। प्रथम पुरस्कार में 5000 रूपये की राशि, गोल्ड मेडल तथा प्रशस्ति पत्र रश्मि बरेला ने, द्वितीय सोनम गौर ने 3000 रूपये की राशि, सिल्वर मेडल तथा प्रशस्ति पत्र और तृतीय पुरस्कार में 2000 रूपये की राशि, ब्रॉन्ज मेडल और प्रशस्ति पत्र शिवानी गुप्ता ने जीता। तीन कि.मी. की दौड में प्रथम पुरस्कार राजगढ के श्री मनोहर रूहेला, द्वितीय पुरस्कार राजगढ के श्री सुनील कुमार वर्मा तथा तृतीय पुरस्कार राजगढ के ही श्री राकेश जाट ने जीता। इस वर्ग में प्रथम विजेता को 3 हजार रूपये की राशि, गोल्ड मेडल तथा प्रशस्ति पत्र, द्वितीय विजेता को 2 हजार रूपये की राशि, सिल्वर मेडल तथा प्रशस्ति पत्र तथा तृतीय विजेता को एक हजार रूपये की राशि, ब्रॉन्ज मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कारों का वितरण ब्यावरा विधायक श्री नारायण सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति गायत्री जसवंत गुर्जर, राजगढ नगर पालिक परिषद अध्यक्ष श्रीमति मंगला शैलेष गुप्ता, कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, पुलिस अधीक्षक श्रीमति हिमानी खन्ना द्वारा वितरित किए गए। राजगढ रन्स के आयोजन के अवसर पर म.प्र. राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री रघुनंदन शर्मा सहित बडी संख्या में राजगढ नगर के दर्शक मौजूद रहे।
राजगढ रन्स में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित 404 धावक हुए शामिल