खण्डवा | 26-फरवरी-2017 मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत आज खण्डवा जिले के आदिवासी विकासखण्ड खालवा के ग्राम आशापुर में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह के मुख्य आतिथ्य में 102 जोड़ो का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। शिक्षा मंत्री डॉ. शाह द्वारा 102 जोड़े में प्रत्येक दुल्हे को हेलमेट दिए गये। साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अंतर्गत दी जाने वाली 25 हजार रूपये की राशि प्रत्येक जोड़ों को दी गई, जिसमें 17 हजार रूपये की नगद राशि प्रत्येक जोड़े के खाते में, 05 हजार रूपये का दहेज सामान तथा 03 हजार रूपये की राशि प्रत्येक जोड़े के परिवारों पर व्यय की गई। इन जोड़ों में एक विकलांग जोड़े को निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 50 हजार रूपये की अतिरिक्त धनराशि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदान की जायेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आशीर्वाद प्रदान करते हुये शिक्षा मंत्री डॉ. शाह द्वारा उनके भावी जीवन में प्रवेश करने हेतु बधाई दी तथा विवाह सम्पन्न कराने आये गायत्री परिवार के पंडितों को भजन कीर्तन के लिए संगीत सामग्री क्रय हेतु 20 हजार रूपये प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम में खण्डवा की पूर्व महापौर श्रीमती भावना शाह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. वरदमूर्ति मिश्र, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री बी.सी. जैन, जनपद अध्यक्ष खालवा श्री अमित चौहान तथा उपाध्यक्ष हरीश यादव, जनपद पंचायत खालवा के सीईओ श्री सुरेश टेमने भी उपस्थित थे।