सागर | 28-फरवरी-2017 सांसद श्री लक्ष्मीनारायण यादव की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। कलेक्टर श्री विकास नरवाल, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं अशासकीय सदस्यों की उपस्थिति में सम्पन्न इस बैठक में जिले में सम्पादित विकास और निर्माण कार्यो की समीक्षा के साथ मूलभूत सुविधायें मुहैया कराने के संबंध में विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से निर्णय लिये गये। बैठक में सांसद श्री यादव ने पी.एच.ई. विभाग के अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए पूछा कि कौन-कौन से कार्य किये जा रहें हैं तो पी.एच.ई. विभाग के अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण बसाहटों में दो लाख से कम के कार्य 40 ग्राम पंचायतों में 15 मार्च तक पूरे कर चालू कराये जायेंगे। इसके अलावा शासन को 182 कार्यो की कार्ययोजना शासन को भेजी गई थी, जिसमें 178 कार्यो की स्वीकृति मिल चुकी है। जिसमें से 2 लाख से अधिक राशि के कार्यो की मार्च माह में शुरूआत की जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय स्त्रोत चिन्हित किए जाएं, जिससे ग्रामीण अंचलों में पेयजल व्यवस्था दुरूस्त की जा सके। उन्होंने पी.एच.ई. प्रमुख से कहा कि सी.ई.ओ. जिला पंचायत से समन्वय स्थापित कर हरेक ग्राम पंचायत में पेयजल व्यवस्था सुचारू हेतु एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किये जायें। बण्डा जनपद अध्यक्ष ने बताया कि पंचम नगर परियोजना के अंतर्गत डूब में आये गांवों के विस्थापन हेतु इन ग्राम के ग्रामीणजनों को अभी तक सहायता राशि मुहैया नहीं कराई गई है। इस संबंध में सांसद एवं अध्यक्ष ने कहा कि दमोह क्षेत्र से जुड़ा हुआ मामला है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी को पत्र लिखकर अगली बैठक में आवश्यक रूप से बुलाया जाये। सर्वशिक्षा अभियान की समीक्षा के दौरान पाया कि बण्डा ब्लाक सहित अन्य ब्लाकों में वर्ष 2008 के अधूरे पड़े कक्ष निर्माण की वजह क्या है, तो डी.पी.सी. ने बताया कि एस.डी.एम. कोर्ट में प्रकरण लंबित होने के कारण यह कार्य समय पर पूर्ण नहीं सके। कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कहा कि मुझे इसकी जानकारी दे कि कितने प्रकरणों में एफ.आई.आर. की कार्यवाही हुई है। साथ ही एस.डी.एम. कोर्ट में चल रहे प्रकरणों को तीन महीने के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। विधायक प्रतिनिधि खुरई श्री अशोक सिंह बामोरा ने जैसीनगर ब्लाक के ग्राम पड़रई के स्कूल में पानी की व्यवस्था न होने एवं अन्य क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं एवं विकास के मुद्दों को भी समिति की बैठक में उठाया। इसी क्रम में एम.पी.आर.डी.सी. विभाग के द्वारा चल रहे निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए सांसद श्री यादव ने कहा कि आपके द्वारा बनाई जा रही सड़को की गुणवत्ता ठीक नहीं है। जैसे जरूआखेड़ा से बांदरी सड़क और टोल टैक्स वाली सड़कों में जगह-जगह गड्डे होने से परेशानी हो रही है। सड़कों को दुरूस्त करने की कार्यवाही की जाये। इस पर कलेक्टर ने एम.पी.आर.डी.सी. के प्रमुख से कहा कि मुझे ठेकेदारों के संबंध में पूरी जानकारी शीघ्र उपलब्ध करायें। नहीं तो जब तक टोल टैक्स वाली सड़कें ठीक नहीं होंगी, उन सड़कों वाले टोल टैक्स फ्री करने की कार्यवाही की जायेगी। साथ ही एन.एस. हाइवे के प्रमुख अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने शोकाज नोटिस जारी किया। बैठक में सी.ई.ओ. जिला पंचायत ने शौचालय निर्माण प्रगति के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रधानमंत्री सिंचाई योजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा भी की गई। समन्वय समिति के सदस्य श्री मनोज राय एवं श्री फरीद कुरैशी ने क्षेत्र विकास से जुड़े मुद्दां को समिति के समक्ष रखा। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष देवरी आचल आठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष बण्डा श्री देवप्रशांत सिंह, सी.ई.ओ. जिला पंचायत श्री राजीव रंजन मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
ग्रामीण अंचलों में पेयजल व्यवस्था दुरूस्त रखें - सांसद श्री यादव