छतरपुर | 03-मार्च-2017 आयुष विभाग द्वारा शहर के शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में गत दिनों जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि सीएमएचओ डॉ. विनोद कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. आर.पी. पाण्डेय, जिला आयुष अधिकारी टीकमगढ़ डॉ. ए.के. उपाध्याय एवं डॉ. जे.पी. चौरसिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धनवंतरी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके पश्चात जिला आयुष अधिकारी डॉ. व्ही.डी. मिश्रा द्वारा अतिथियों का स्वागत कर मेगा कैप के आयोजन के उद्देश्य तथा व्यापकता पर प्रकाश डाला गया। अतिथियों ने वर्तमान समय में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी उपचार पद्धति का महत्व बताया। इस दौरान शिविर में आये 921 रोगियों का पंजीयन कर परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क औषधि वितरित की गई। शिविर में आयुर्वेद की पंचकर्म पद्धति से भी रोगियों का उपचार किया गया। रोगियों का परीक्षण एवं उपचार चिकित्सकगण डॉ. ए.के. अग्रवाल, डॉ. भारती दुबे, डॉ. कमाल आलम खान, डॉ. महेश अहिरवार, डॉ. श्रद्धा नामदेव, डॉ. नीरजा तिवारी, डॉ. प्रियंका चौधरी, डॉ. उमेश मिश्रा, डॉ. सौरभ आनंद मिश्रा, डॉ. विकेश गुप्ता, डॉ. विकेश असाटी, डॉ. रितुशा शर्मा, डॉ. अरूणा महतो एवं डॉ. संगीता गुप्ता द्वारा किया गया।