राजगढ़ | 09-मार्च-2017 नागरिकों को सांची के दुग्ध उत्पाद पर भरोसा कायम रहे। नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड नहीं हो। इस हेतु प्रतिदिन नमूनों की जांच हो। इसमें कोई भी कमी अथवा चूक नहीं हो। यह निर्देश यहां सांची के दुग्ध शीतलीकरण केन्द्र दुग्ध नमूना जांच का जायजा लेते हुए कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे द्वारा दिए गए। केन्द्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुग्ध शीतलीकरण की प्रक्रिया देखी और केन्द्र में अभी हाल में ही उपलब्ध हुई दुग्ध नमूना जांच हेतु इलेक्ट्रानिक टेस्टिंग मशीन द्वारा नमूना जांच की प्रक्रिया जानी। इस मौके पर उन्होंने अपने सामने दुग्ध के विभिन्न नमूनों में यूरिया, नमक, शक्कर, स्टार्च, माल्टोज आदि के मिलावट का परीक्षण कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त दुग्ध के प्रत्येक केन के नमूनों की जांच हो। इसके साथ ही उन्होंने डेयरी में भी ई-निरीक्षण व्यवस्था लागु करने प्रबंधक को निर्देशित किया। उन्होंने कहा दुग्ध के नमूनों की रेण्डम जांच हेतु जिला कार्यालय से दुग्ध संकलन रूट से नमूने लिए जाने हेतु प्रतिदिन एस.एम.एस. किये जाएंगे। उक्त नमूनों का प्रयोगशाला परीक्षण उपरांत उसी दिन रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उन्होंने दुग्ध शीतलीकरण केन्द्र साफ-सुथरा रखनें, प्रयोगशाला में सीसीटीवी लगवाने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाने हेतु भी निर्देशित किया।
राजगढ़ कलेक्टर द्वारा सांची दुग्ध शीतलीकरण केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण