राजगढ़ | 09-मार्च-2017 कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे द्वारा यहां नगरीय निकाय, मत्स्य, रेशम और डेयरी विभाग के लक्ष्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने सहायक संचालन मत्स्य विभाग को नील-क्रांति अंतर्गत लक्ष्य का शेष 20 प्रतिशत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार रेशम विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि ककून उत्पादन बढाया जाए। उन्होंने पानी की उपलब्धता में कमी के मद्देनजर उत्पादन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सारंगपुर के रेशम केन्द्र में सिंचाई हेतु पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पंचायत से समन्वय बनाने तथा वाटर हार्वेस्टिंग सिंचाई हेतु व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डेयरी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि दुग्ध संकलन उपरांत दुग्ध नमूना जांच प्रतिदिन हो। इसमें किसी प्रकार की चूक नही हो यह सुनिश्चित रहे। बैठक में उन्होंने जिले के समस्त नगरीय निकायों में चल रहे विभिन्न विकासीय कार्यो, सी.एम. हेल्पलाईन, जनसुनवाई, सांसद निधि, विधायक निधि और जनभागीदारी मद के कार्यो की प्रगति एवं उपलब्धियों की निकायवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अपना शहर अपना घर जैसा है। स्वच्छता और सुन्दरता पर पूरा ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु में नगरीय क्षेत्र में पेयजल समस्या नही आए, इस उद्देश्य से पूरी तैयारी रखने और व्यवस्था सुदृढ रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पेयजल परिवहन की स्थिति निर्मित नहीं हो। सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने नगरीय निकायों में चल रहे विकासीय कार्यो की प्रगति, नवीन कार्यो के लिए डीपीआर बनाने, टेण्डर तथा वर्क आर्डर जारी करने की स्थिति की समीक्षा के दौरान कार्य आदेश जारी करने में विलंब, स्वीकृत कार्य प्रारंभ नहीं करने और विकासीय कार्यो में ढिलाई बरतने के कारण मुख्य नगर पालिका अधिकारी खुजनेर की दो वेतन वृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकने के निर्देश परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण को दिये।