बुरहानपुर | 15-मार्च-2017 कोई भी अधिकारी 31 मार्च तक बिना अनुमति के मुख्यालय और अवकाश पर ना जायें। यह स्पष्ट निर्देश कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने बुधवार को कलेक्टोरेट कार्यालय सभागृह में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी कार्यालय प्रमुखों को दिये। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई तथा समय सीमा के प्रकरणों की गहनता से समीक्षा कर निर्देशित किया कि लंबे समय से पेडिंग पडे़ प्रकरणों का निराकरण एक सप्ताह में करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त डीओ लेटर का जवाब भी सात दिवस के भीतर भेजना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिये। बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने पर शोकाज कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी कर उनका एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश जिला कोषालय अधिकारी को दिये। वहीं उन्होंने समस्त कार्यालय प्रमुखों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जब भी बैठक में आये तो जानकारी के साथ आयें, ताकि संबंधित विभाग की समीक्षा की जा सकें। कलेक्टर श्री सिंह ने पीजीआर तथा सीपीजीआर में प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने गर्मी के मद्देनजर पेयजल की समस्यां से निपटने के लिये सभी निकायों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिये। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये कि जहां-जहां गर्मी के दिनों में पेयजल की समस्या होती हैं उन सभी क्षेत्रों को अभी से चिन्हित कर लें, साथ ही निजी नलकूप या अन्य जल स्त्रोत को भी चिन्हत किया जायें, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सकें। कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने बैठक में दीनदयाल रसोई योजना, आगामी 20 मार्च को होने वाले दिव्यांग परिचय सम्मेलन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य विभागों में संचालित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री रोमोनुस टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर श्री एम.एल.आर्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमिताभ सिरबैया सहित अन्य विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।
बिना अनुमति के कोई भी अधिकारी मुख्यालय ना छोडे़ -कलेक्टर श्री दीपक सिंह