राजगढ़ | 20-मार्च-2017 जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतें और आवेदन अब सी.एम. हेल्पलाइन से जुडेंगे। गलत जानकारी देने अथवा समय-सीमा में निराकरण नही होने की स्थिति में उक्त आवेदन समाधान ऑनलाईन में लग सकते हैं। अप्रिय स्थिति से बचने समस्त विभागीय अधिकारी सतर्क रहें और प्रकरणों के निराकरण के प्रति गंभीर रहें। यह बात यहां जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे द्वारा कही गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रवीण सिंह सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय प्रमुख मौजूद रहे। कलेक्टर श्री पिथोडे ने कहा कि जनसुनवाई के आवेदनों का समुचित निराकरण समय-सीमा में हो। उन्होंने आवेदनों को ऑनलाईन करने हेतु विभिन्न विभागों के कम्प्यूटर आपरेटरों की सप्ताह में एक दिन निर्धारित चक्र अनुसार जिला कार्यालय में अनिवार्य रूप से ड्यूटी लगाने निर्देशित किया। दो के विरूद्ध कार्रवाई बैठक में उन्होंने तहसीलदार ब्यावरा द्वारा बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से बाहर रहने की शिकायत मिलने पर कडी नाराजगी व्यक्त की तथा दो वेतन वृद्धियां रोकने का नोटिस जारी करने अपर कलेक्टर को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने बयावरा में पदस्थ सेवा निवृृत्त चिकित्सक डॉ. के.के शर्मा के विरूद्ध प्राप्त शिकायतों और लापरवाही के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। इस अवसर पर उन्होंने जनशिकायत निवारण प्रकोष्ठ, जनसुनवाई, प्रभारी मंत्री के पत्रों, टेली जनसुनवाई, कलेक्टर की कलम से तथा समस्त प्राकर की राजस्व वसूलियों कि समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए
राजगढ़ जनसुनवाई के आवेदन सी.एम. हेल्पलाइन से जुडेंगे निराकरण में कोताई नही बरतने कलेक्टर ने दिए निर्देश