उमरिया। बांधवगढ़ विधानसभा में 9 अप्रैल को होने वाले उप निर्वाचन को लेकर सभी राजनैतिक दल अब फुल फार्म में दिख रहे हैं। जहां एक ओर भाजपा के कई मंत्री एवं प्रदेश के पदाधिकारी विधान सभा के कई गांवों में ग्रामीणों से सीधा संपर्क कर रहे हैं और उन्हें प्रदेश सरकार की अनूठी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं वहीं कांग्रेस के प्रदेश संगठन से कई पदाधिकारी भी क्षेत्र में डेरा डाले हुये हैं। कल रविवार को प्रदेश के गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जनपद करकेली के कई ग्रामों का भ्रमण किया। इस मौके पर प्रदेश के उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्राम बेलमना में कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि वैसे तो प्रदेश सरकार विभिन्न हितग्राही मूलक एवं जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है जिससे गरीबों सहित अंतिम छोर पर बसे लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी शिव नारायण सिंह के पक्ष में सहयोग करने की बात कही एवं क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद गौटिया, मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, मीना सिंह विधायक, मिथलेश पयासी, अरबिन्द बंसल, सहित क्षेत्रीय दर्जनों गांव के ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व के वर्षो में जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब उन्होंने सिर्फ प्रदेश का शोषण किया। शिवराज सरकार अब सेवक बनकर प्रदेश की जनता की सेवा कर रही है।
प्रदेश सरकार गरीबों की सरकार है-भूपेन्द्र सिंह