कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा जिले भर में 26 सितम्बर से 11 अक्टूबर तक किसान संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें कृषि वैज्ञानिको तथा कृषि विभाग के अधिकारियो द्वारा किसानों को कम सिंचाई में तथा शीघ्र पकने वाली फसलों की जानकारी दी जायेगी। किसानो को वर्षा की स्थिति के अनुसार उपयुक्त किस्मो की फसल के लिये प्रेरित किया जायेगा।

    इस संबंध में उपसंचालक कृषि जितेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथम कृषि संगोष्ठि 26 सितम्बर को कृषि विज्ञान केन्द्र पवारखेडा मे आयोजित की जायेगी। इसके बाद 27 सितम्बर को जनपद पंचायत केसला, 3 अक्टूबर को सिवनीमालवा में मंडी परिसर बानापुरा तथा 4 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी परिसर पिपरिया में कृषि संगोष्ठि का आयोजन किया जायेगा। इसी तरह 6 अक्टूबर को बनखेड़ी में भाऊसाहब भुसकुटे संस्थान, 7 अक्टूबर को जनपद पंचायत बाबई तथा 11 अक्टूबर को वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कार्यालय सोहागपुर में संगोष्ठि आयोजित की जा रही है। इन संगोष्ठियों में किसानों को मुख्यमंत्री भावांतर योजना, मृदा हेल्थकार्ड के अनुसार खाद के उपयोग, जैविक खेती, कीट प्रबंधन, जल प्रबंधन तथा खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के संबंध में जानकारी दी जायेगी। उपसंचालक ने सभी किसानों से इन संगोष्ठियों में शामिल होने की अपील की है।