एक अक्टूबर को होशंगाबाद जिले में वरिष्ठ नागरिक दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तत्सम्बध में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पी.सी. शर्मा की अध्यक्षता में जिला पंचायत में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक अक्टूबर को अंतराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला व विकासखण्ड स्तर पर वृद्धजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन ऐसे वृद्धजनों का सम्मान शतायु सम्मान के रूप में किया जाएगा जिन्होने 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है। शतायु सम्मान के अंतर्गत वृद्धजनों को एक हजार रूपए की नगद राशि तथा शाल, श्रीफल से उनका सम्मान किया जाएगा। वृद्धजनों की नि:शुल्क चिकित्सा जांच की जाएगी, चिकित्सा की टीम उन्हें दवा वितरित करेंगी। ऐसे वृद्धजन दंपति जो पूर्णत: अकेले रह रहे हो उन्हें साझा चूल्हा कार्यक्रम के अंतर्गत दिन में भर-पेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। वृद्धजनों को पेंशन का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। वृद्धाश्रमों तथा डे केयर सेंटरों में भी इस दिन वृद्धजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इनमें जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। जनपद पंचायत व नगरपालिका के अधिकारीगण वृद्धजनों को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। खंडस्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच तथा बीमा संबंधी दावों का भी निराकरण किया जायेगा।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाएगा एक अक्टूबर को