रेलमंत्री पीयूष गोयल ने 1 नवंबर से 700 ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने का फैसला किया है। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि ट्रैक के नियमित रखरखाव के लिए अब ब्लॉक देने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी, यदि कोई अधिकारी कर्मचारी इसमें लापरवाही बरतता है तो उस पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। साथ ही 600-700 ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाकर समय की बचत करने का निर्णय लिया गया है। इससे 48 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें सुपरफास्ट हो जाएंगी। नया टाइम टेबल 1 नवंबर से लागू होगा।
रेलमंत्री पीयूष गोयल ने पिछले एक महीने में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा ट्रेनों के समय पालन में सुधार के लिए इसरो की मदद से रेल संपत्तियों की मैपिंग कराई जाएगी ताकि रेल संपत्तियों का रखरखाव आसानी से हो सके साथ ही कार्यों पर नजर रखने तथा कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के लिए मोबाइल app विकसित किया जाएगा।
रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हमने संरक्षा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। इसके लिए पैसे की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। अगर 8-10 हजार करोड़ रुपये ज्यादा लग जाएं तो कोई बात नहीं।
रेलमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ट्रेन प्रोटेक्शन वार्निंग सिस्टम, अत्याधुनिक सिगनल प्रणाली अपनाने, मोबाइल ट्रेन रेडियो कम्यूनिकेशन तथा जरूरत पड़ने पर विदेशों से तकनीक लाने की संभावनाएं टटोली जा रही है।