राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपनी पहली जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। केंद्र के बाद प्रदेश में बनी भाजपा सरकार को डबल इंजन ट्रेन बताया और कहा कि योगी सरकार अपना रास्ता भूल गई है। विधानसभा चुनाव में मिली हार को धोखे से मिली पराजय बताते हुए चुनौती भरे लहजे में कहा कि उन्होंने धोखे से हमारी छोटी कुर्सी छीनी है, मगर अब उनकी बड़ी कुर्सी छीनेंगे। नोटबंदी और जीएसटी पर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा तो अपनी सरकार में कराए गए कामों की याद दिलाकर प्रदेश सरकार पर शब्द बाण चलाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय चौधरी यशपाल सिंह की 96वीं जयंती पर आयोजित समाजवादी प्रेरणा दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश की सरकारों को जमकर कोसा।